रामपुर। प्रदेश में कोरोना की संभावित तीसरी लहर से लड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए प्रदेश के सभी जनपदों में सीरो सर्वे कराने का फैसला लिया गया है, ताकि यह पता चल सके कि किस क्षेत्र में कोरोना का कितना संक्रमण फैला है और कितने लोगों में एंटीबॉडी बनी है। रामपुर में सीरो सर्वे मंगलवार से शुरू हो रहा है, जो तीन दिनों तक चलेगा। इस कार्य में दस टीमों को लगाया गया है। ये टीमें जिले में 31 स्थानों से 24-24 सैंपल लेंगी।
सीरो सर्वे इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) की ओर से कराया जा रहा है। सीएमओ डॉ.संजीव यादव ने बताया कि जिले में सीरो सर्वे मंगलवार से शुरू होगा। इसके लिए दस टीमें लगाई गई हैं। इन टीमों के सदस्य 31 अलग-अलग एरिया में 24-24 लोगों के सैंपल लेंगे। उन्होंने बताया कि सैंपल ऐसे लोगों के लिए जाएंगे जो कोरोना को हरा चुके हैं, जिनका वैक्सीनेशन हो चुका है। इसके अलवा रैंडम सैंपल भी लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सैंपल के अध्ययन से यह पता चलेगा कि जिले में कितने लोगों में कोरोना से लड़ने के लिए एंटीबॉडी बन चुकी है। जानकारों का कहना है कि इस बार होने वाले सर्वे में बच्चों के भी सैंपल लिए जाएंगे। ताकि कोरोना की संभावित तीसरी लहर का बच्चों पर होने वाले असर और ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले उसके असर का आकलन किया जा सके। इसके परिणाम जून के अंत तक आने को संभावना है।