रामपुर। चाइल्ड पोर्नोग्राफी से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में रामपुर पहुंची सीबीआई की टीम ने बुधवार को भी जांच जारी रखी। टीम ने परिजनों से पूछताछ की और बच्चियों से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की।
सीबीआई की टीम पिछले चार दिन से स्वार क्षेत्र में डेरा डाले हुए है। बुधवार को भी टीम मामले की तस्दीक में जुटी रही। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, टीम ने पीड़ित बालिकाओं के परिजनों से पूछताछ की। साथ ही बच्चियों की उम्र संबंधी प्रमाण पत्रों और अन्य अभिलेखों की भी जांच की। देर शाम तक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी रही।
गौरतलब है कि सीबीआई की टीम ने 30 जुलाई को स्वार पहुंचकर आरोपी अली रजा के घर छापेमारी की थी। इस दौरान उसका मोबाइल फोन और लैपटॉप कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच कराई गई थी। जांच में सामने आया था कि आपत्तिजनक वीडियो मोबाइल फोन से बनाए गए थे, जबकि लैपटॉप के माध्यम से उन्हें कथित तौर पर पोर्न वेबसाइटों पर अपलोड किया गया था।
प्राथमिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर सीबीआई ने 31 जुलाई को दोबारा कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया था। बाद में उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में रामपुर जेल भेज दिया गया। जांच एजेंसी अब तक आरोपी से जुड़े करीब दर्जनभर लोगों से पूछताछ कर चुकी है। टीम फिलहाल रामपुर में ही डेरा डाले हुए है।