बिलासपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सीबीसी (कंप्लीट ब्लड काउंट टेस्ट) मशीन खराब हाे गई है। इस कारण रोगियों के स्वास्थ्य परीक्षण में बाधा आई। कई रोगियों ने सीबीसी जांच सात दिन से न होने का आरोप लगाया है। जबकि, लैब टेक्नीशियन सत्यम शर्मा का कहना है कि सीबीसी जांच करने वाली मशीन खराब हो गई थी, जिसे ठीक भी कराया गया है, मगर अभी रिजल्ट ठीक नहीं दे पा रही है। मशीन को शीघ्र ठीक कराने की प्रक्रिया चल रही है।
मंगलवार सुबह से ही स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। चिकित्सकों ने तमाम रोगियों को बुखार, मलेरिया, टाइफाइड, सीबीसी आदि जांचें अस्पताल की लैब से कराने की सलाह दी। मरीज अपनी जांच कराने के लिए अस्पताल स्थित लैब पर पहुंचे, जहां दोपहर तक मरीजों की खासी भीड़ थी। मरीजों का आरोप था कि लैब के कर्मचारियों ने सीबीसी मशीन खराब बताते हुए जांच करने से इन्कार कर दिया है। जिसके कारण उन्हें निजी लैब पर जाकर जांच करानी पड़ी। मरीजों का यह भी कहना था कि करीब सात दिनों से लैब में सीबीसी की जांच नहीं हो रही है, जिसकी वजह से रोगियों को परेशानी हो रही है। इस संदर्भ में लैब टेक्नीशियन सत्यम शर्मा ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व सीबीसी मशीन खराब हो गई थी। मुरादाबाद से आए इंजीनियर ने मशीन ठीक भी की, मगर मशीन रिजल्ट ठीक नहीं दे रही है। अब दोबारा इंजीनियर को बुलाकर मशीन ठीक कराई जाएगी। वहीं, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजीज हसन अंसारी ने बताया कि सीबीसी मशीन को शीघ्र ठीक कराया जाएगा।