दढ़ियाल। नगर में गांधी इंटर कॉलेज मार्ग स्थित किराने की दुकान में शनिवर की रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे व्यापारी का दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के बाद शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। बाद में फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर आग पर काबू पाया गया। लेकिन, तब तक दुकान में रखा सारा सामान जल चुका था।
नगर के मोहल्ला कच्ची मस्जिद निवासी मोहम्मद आसिफ गांधी इंटर कॉलेज मार्ग पर मतलूब अहमद की दो दुकान किराए पर लेकर नासिर किराना स्टोर के नाम से दुकान चलाते हैं। शनिवार रात करीब एक बजे शॉर्ट सर्किट से दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं और आग की लपटें उठते देख मोहल्ले में शोर मच गया। मौके पर दुकान स्वामी सहित तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने बिजली विभाग को फोन कर आपूर्ति बंद कराई। लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन उनका यह प्रयास विफल रहा। सूचना पर स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन, तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
किराना व्यापारी ने बताया कि आग में दो फ्रीजर सहित, आटा, मैदा, सूजी, दाल, चावल की बोरियां, मसाले, तेल और घी के कनस्तर, इनवर्टर, बैटरा सहित करीब दस लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। किराना व्यापारी ने जिला प्रशासन से मुआवजा दिलाने की मांग की है।