स्वार। मुंशीगंज-स्वार मार्ग पर आजाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष गौतम जाटव से मारपीट के मामले में पुलिस ने एक माह पांच दिन बाद रिपोर्ट दर्ज की है। बूढ़ी दढ़ियाल के दो लोगों पर मारपीट, जातिसूचक शब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
विज्ञापन
पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। रुस्तमनगर निवासी गौतम जाटव आजाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और जिला पंचायत प्रत्याशी भी हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 30 सितंबर को मार्ग से गुजरते समय अरमान अली और फैजुल अली ने उन्हें रोका।
आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज कर जातिसूचक शब्द कहे और विरोध करने पर लाठी-डंडों व लात-घूंसों से मारपीट की। उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद