रामपुर। मसवासी क्षेत्र में डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत के मामले में पुलिस ने घटना के 13 दिन बाद अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हादसा 10 नवंबर को अजीतपुर-मुकंदपुर मार्ग पर हैप्पी कट पुलिया के पास हुआ था। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
काशीपुर के मोहल्ला अली खां स्थित हाथा मस्जिद के पास रहने वाली मेहराब बेगम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति यामीन खां 10 नवंबर को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मोटरसाइकिल से जा रहे थे।
जैसे ही वह अजीतपुर-मुकंदपुर मार्ग पर हैप्पी कट पुलिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यामीन खां गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी मौत हो गई और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद से ही डंपर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही थी। अब घटना के 13 दिन बाद पुलिस ने पत्नी की तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस डंपर और उसके चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है। सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।