स्वार। थाना मिलकखानम क्षेत्र के एक गांव की एक युवती के कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती वर्ष 2022 के गैंगरेप, अपहरण और पॉक्सो एक्ट के एक मामले में गवाह है। इससे पहले परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
युवती की मां ने अब पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नौ जून की रात उसकी पुत्री कमरे में सोई थी। सुबह करीब चार बजे वह गायब मिली। परिजनों ने तलाश के बाद थाना मिलकखानम में गुमशुदगी दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि गांव के विशाल, मनोहर और हरिपत ने 9-10 जून की आधी रात करीब डेढ़ बजे तमंचे के बल पर उसकी पुत्री का अपहरण कर लिया।
महिला का आरोप है कि उसकी पुत्री वर्ष 2022 के गैंगरेप, अपहरण और पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में विशाल और मनोहर के खिलाफ गवाह है। इसी मुकदमे से बचने के लिए उस पर गवाही न देने का दबाव बनाया जा रहा था।
सीओ अतुल कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और युवती की तलाशी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।