टांडा। घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्राम लखमन नगला निवासी जसवंती ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनका बड़ा पुत्र यशवंत कुमार तमिलनाडु में नौकरी करता है और अपनी पत्नी कविता के साथ वहीं रहता है। आरोप है कि नौ जुलाई की दोपहर कविता के मायके पक्ष के सतीश, अकुल, राजवाला, अंजू निवासी ग्राम बसखेड़ा थाना काशीपुर (ऊधमसिंह नगर) तथा उनके रिश्तेदार विजेंद्र और अशोक निवासी ग्राम लालपुर थाना भगतपुर (मुरादाबाद) सहित सात लोग उनके घर पहुंचे। कविता को तमिलनाडु से बुलाने की बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने जसवंती, उनके पुत्र रविकांत और पुत्री सोनिया के साथ मारपीट की।
पीड़िता का कहना है कि घटना के दौरान रविकांत ने डायल-112 पर सूचना दी, लेकिन थाना स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने सीओ से शिकायत की। कोर्ट के आदेश पर टांडा पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ पंकज पंत ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।