मिलक। बच्चों को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद घर में घुसकर महिला, उसके पति और बेटे के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़िता के बेटे को मारपीट में गंभीर चोटें आई हैं और उसका उपचार चल रहा है।
ग्राम मैनी निवासी हसीना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 अगस्त को गांव के कसब्बर से बच्चों को लेकर मामूली कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि उसी दिन रात करीब नौ बजे कसब्बर, उसका पुत्र शोएव, फिरोज और अल्लारखी उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके, उसके पति और बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद उसने मेडिकल भी कराया था, लेकिन गांव के कुछ लोग समझौता कराने का प्रयास कर रहे थे, जिसके चलते उसी दिन रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई। आरोप है कि आरोपी अब भी धमकियां दे रहे हैं।
पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कसब्बर, शोएब, फिरोज और अल्लारखी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है आरोपियों की तलाश जारी है। संवाद