विधवा महिला का धर्म परिवर्तन कराकर निकाह करने और उसके दो बच्चों का खतना करने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं खतना किए जाने के बाद महिला के दोनों बच्चों की हालत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए सीएचसी लाया गया।
उत्तराखंड के बाजपुर निवासी हरकेश ट्रक चालक था। जसपुर में एक सड़क दुर्घटना में 8 मई को उसकी मौत हो गई थी। हरकेश की मौत के बाद उसकी पत्नी हरजिंदर कौर अपने दो बेटों राहुल (12) और सुमित (10) के साथ कालाढूंगी जाकर रहने लगी। हरकेश की दोस्ती शाहबाद कोतवाली क्षेत्र के बैरुआ गांव निवासी महफूज से थी।
महफूज भी ट्रक चालक है। हरकेश की मौत के बाद महफूज ने सहारा देने के लिए उसकी पत्नी हरजिंदर कौर व उसके बेटे राहुल (12) और सुमित (10) को अपने साथ गांव ले आया। आरोप है कि पांच दिन पूर्व आरोपी महफूज ने विधवा हरजिंदर कौर का नाम बदलकर गुलिस्ता रख दिया, और बेटों का भी नाम बदलकर धर्म परिवर्तन करा दिया।
आरोप है कि धर्म परिवर्तन कराने के बाद, आरोपी ने महिला के साथ निकाह कर लिया। इसके बाद महफूज ने महिला से कहा कि यदि उसे और उसके बच्चों को उसके घर में रहना है तो उसे अपने बेटों का खतना भी कराना होगा। जिसके बाद उपरोक्त दोनों बच्चों का मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार खतना भी कराया।
मामले की जानकारी कुछ हिन्दू संगठनों को लगी तो उन्होंने पूरा मामला पुलिस अधिकारियों को बता दिया। मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शनिवार देर रात को गांव में से महिला और दो बच्चों को अपने कब्जे में ले लिया था। जबकि आरोपी फरार हो गए थे।
खतना के बाद दोनों बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शाहबाद अस्पताल में उन्हें भर्ती करा दिया। जबकि महिला अभी पुलिस अभिरक्षा में ही है। सैफनी चौकी प्रभारी प्रवीण कटियार ने आरोपी महफूज, पिता अंजार, मां मुमताज व एक इमाम सहित पांच लोगों के खिलाफ धर्म परिवर्तन के आरोप में आईपीसी की धारा 3, 5( 1 ) और 324 में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
सीओ मिलक श्रीकांत प्रजापति ने बताया कि धर्म परिवर्तन कर शादी करने का मामला संज्ञान में आया है। जिसमें पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।