टांडा। करीब एक माह पहले हुए जानलेवा हमले के मामले में कार्रवाई न होने पर पीड़ित की शिकायत पर मुरादाबाद रेंज के डीआईजी के आदेश के बाद थाना टांडा पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव मुंडी मिलक निवासी शिवम सैनी का आरोप है कि 10 जून को पशुओं को चारा डालकर लौटते समय रास्ते में होरी लाल के घर के सामने पहले से घात लगाए बैठे होरी लाल, अर्जुन, अमित, मिथुन, महेश और बाबूराम ने उसे रोक लिया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बचने के दौरान लोहे की रॉड दोनों हाथों पर लगी, जिससे दोनों हाथ टूट गए। इसके बाद भी आरोपियों ने मारपीट जारी रखी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
आरोप है कि थाना पुलिस ने उस समय रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिसके बाद उसने डीआईजी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। सीओ पीपी सिंह ने बताया कि डीआईजी के आदेश पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद