बिलासपुर/खजुरिया (रामपुर)। खजुरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। एक क्रेटा कार बिलासपुर-शीशगढ़ रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास खड़ी धान भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली में घुस गई। कार में सवार चालक खजुरिया के सुजातगंज खैरा गांव निवासी गुरप्रीत सिंह (40) और उसके दोस्त खजुरिया के महतोष की गोटिया गांव निवासी राजवीर (35) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने राजवीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जबकि कार चालक गुरप्रीत के शव का परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है और घर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार की रात करीब 12 बजे खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सुजातगंज खैरा निवासी किसान गुरप्रीत सिंह पुत्र बलकार सिंह अपनी क्रेटा कार से बरेली के कस्बा शीशगढ़ की ओर जा रहे थे। उनके साथ कार में उनके दोस्त महतोष की गोटिया गांव निवासी राजवीर पुत्र बिहारी लाल भी बैठे थे, वो भी किसान थे। खजुरिया थाना क्षेत्र में बिलासपुर- शीशगढ़ मार्ग पर ग्राम अहरो स्थित एक पेट्रोल पंप के पास रोड पर खड़ी धान भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली में पीछे से अनियंत्रित होकर कार घुस गई। इस दौरान कार सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली छोड़कर भाग गया। इसके बाद मौके पर तमाम लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पाकर खजुरिया थाना प्रभारी राजीव कुमार भी पहुंच गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार व ट्रैक्टर-ट्राॅली को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे दोनों युवकों के शवों को कार से बाहर निकाला। दोनों युवकों के परिजन भी रात में ही मौके पर पहुंच गए। गुरप्रीत के परिजन रात में ही बिना पोस्टमार्टम के ही गुरप्रीत के शव अपने घर ले गए और शनिवार की सुबह अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं पुलिस ने राजवीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। थाना प्रभारी का कहना है कि फिलहाल घटना की तहरीर नहीं आई है। मामले की जांच हो रही है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।