सैदनगर। खौद-थूनापुर मार्ग रतनपुरा गांव के सामने तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो सगे भाई घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। ग्रामीणों ने घायलों की मदद की और उन्हें अस्पताल भिजवाने में सहायता की। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
थाना अजीमनगर क्षेत्र अंतर्गत रतनपुरा गांव निवासी नासिम और महमूदा पुत्र रईस अहमद शनिवार की दोपहर गेहूं पिसवाने के लिए पास के गांव जा रहे थे। जैसे ही वह खौद-थूनापुर मार्ग पर आए अचानक सामने से एक तेज रफ्तार कार उधर से गुजरी और बाइक सवार दोनों भाइयों को टक्कर मार कर गिरा दिया। बीच मार्ग पर गिरने से वह घायल हो गए। दुर्घटना स्थल से गुजर रहे राहगीरों ने कार रोक ली, लेकिन चालक किसी तरह वहां से भाग निकला। इस बीच दुर्घटना की जानकारी मिलने पर घायलों के परिजन भी आ गए। वह उन्हें ग्रामीणों की मदद से अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष की ओर से अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।