सैदनगर (रामपुर)। अजीमनगर थाना क्षेत्र में दो कारें आपस में टकरा गईं। इस हादसे में एक कार चालक की ही मौत हो गई, जबकि, चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घायल लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, पुलिस ने कार को टक्कर मारने वाले अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलवार देर रात करनपुर गांव निवासी छोटेलाल एक कार्यक्रम में अपने अन्य चार साथियों के साथ शाहबाद तहसील क्षेत्र के एक गांव में गए थे। देर रात चारों कार में सवार होकर घर वापस जा रहे थे। रास्ते में रात करीब डेढ़ बजे खौद नहर की पुलिया के पास पीछे से आई एक अन्य कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चीखपुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कारों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान हादसे में कार चालक छोटे लाल (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग नरेश, सतीश, सुमित, राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना घर पहुंची, तो कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके पर मौजूद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, हादसे में घायलों को भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रभारी निरीक्षक अजीमनगर प्रदीप कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पीछे से कार में टक्कर मारने वाले अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।