भोट। नेशनल हाईवे पर कोयला गांव के पास मंगलवार शाम करीब पांच बजे एक कार भैंस से टकरा गई। इस हादसे में भैंस गंभीर रूप से घायल हुई, कार क्षतिग्रस्त हुई और कार चालक नवीन पटियाल भी चोटिल हो गए।
हादसे के बाद भैंस स्वामी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घायल भैंस को देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने उसके उपचार की व्यवस्था की मांग की।
दिल्ली निवासी नवीन पटियाल अपने साथियों अमित पठानिया व कपिल के साथ हाईवे से गुजर रहे थे। तभी कोयला गांव के पास भैंस सड़क पर आ गई। चालक ने कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन टक्कर हो गई। हंगामे की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने घायल नवीन पटियाल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। संवाद