पटवाई। बच्चों की लड़ाई के बाद शुक्रवार रात में दबंगों पर एक घर में आग लगाने का आरोप है। आग लगने से घर का कीमती सामान जल गया, गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन घटना के बाद परिजन बेहद खौफजदा हैं। परिजनों ने गांव के दो युवकों को आग लगाते हुए देखा है। मामले की तहरीर पटवाई पुलिस को दी गई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आराेप है कि पटवाई थाना क्षेत्र के भोरकी गांव निवासी सूरजपाल के घर में कुछ दबंगों ने शुक्रवार रात आग लगा दी। सूरजपाल ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम गांव के ही कुछ बच्चों के साथ उनके बच्चों की लड़ाई हो गई थी। इस बात से नाराज बच्चों के पिता ने शुक्रवार की रात में घर में घुसकर आग लगा दी। उन्होंने बताया कि वो उस वक्त रामपुर में निजी ड्यूटी करने गया था और घर पर कोई नहीं था। आग से घर में रखा सभी समान राख हो गया।
सूरजपाल का कहना है कि उनके बडे भाई नेमचंद गांव में थे। जिन्होंने दोनों को आग लगाते हुए देखा है। जिसके बाद बड़े भाई नेमचंद ने जानकारी दी। यह सुनकर सूरजपाल ने पहले 112 डायल कर पुलिस को सूचना दे दी। उसके बाद सूरजपाल घर में आग लगने की शिकायत लेकर पटवाई थाने पहुंच गया। सूरजपाल का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आग बुझाने का प्रयास किया।
पटवाई थाना प्रभारी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। पुलिस जांच कर रही है। जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।