रामपुर। केमरी क्षेत्र में उद्यान विभाग की जमीन पर कब्जा कर खड़ी की गई चहारदीवारी पर बुलडोजर चला। वहीं सरकारी जमीन पर बनीं 92 दुकानों पर भी जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए लाल निशान लगा दिए गए हैं। साथ ही दुकानदारों को दुकानें खाली करने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। तीन दिन बाद नगर पंचायत की टीम बुलडोजर चलाएगी।शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे राजस्व विभाग और नगर पंचायत की टीम दलबल के साथ उद्यान विभाग की जमीन को चिह्नित करने पहुंची। इस दौरान टीम ने 92 दुकानों को चिह्नित करते हुए उस पर लाल निशान लगा दिए। इस बीच यहां पर मोहल्ला नई बस्ती स्थित उद्यान विभाग की जमीन पर कब्जा कर बनाई गई चहारदीवारी को जेसीबी से तोड़ा गया।
डीएम के निर्देश पर बिलासपुर एसडीएम अरुण कुमार के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम व नगर पंचायत की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। इस मौके पर एसडीएम अरुण कुमार ने बताया कि सभी दुकानदारों को तीन दिन में दुकानें खाली करने का अल्टीमेटम दे दिया गया है। साथ ही उद्यान विभाग की जमीन पर बनाए गए एक मदरसे की कमेटी को भी मदरसा खाली करने का निर्देश दे दिया गया है। इस अवसर पर ईओ राजेंद्र प्रसाद, थानाध्यक्ष हिमांशू चौहान, लेखपाल विमल गंगवार, विनीत सक्सेना, संजय सक्सेना, कुलदीप कुमार समेत तमाम लोग मौजूद रहे।