मिलक के भैसोड़ी गांव में प्रशासन ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मिलक। अवैध प्लॉटिंग पर प्रशासन ने बुधवार को कार्रवाई की। प्रशासन ने जेसीबी की मदद से अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त कर दी।
प्रशासन की टीम भैसोड़ी गांव पहुंची, जहां सड़क किनारे लगभग 25 बीघा जमीन में अवैध रूप से प्लॉटिंग की जा रही थी। कुछ प्लाॅटों की बुनियादें भी भरी हुई थीं। इस दौरान प्लॉटिंग कारोबारियों से जमीन का नक्शा व अन्य अभिलेख उपलब्ध कराने के लिए कहा, लेकिन कोई भी उनको संबंधित अभिलेख नहीं दे सका।
इसके बाद अधिकारियों ने प्लॉटिंग को बुलडोजर से तुड़वाने का कार्य शुरू कर दिया। नायब तहसीलदार अकिंत अवस्थी ने बताया कि ग्राम भैसोड़ी में 25 बीघा भूमि पर अवैध रूप से प्लॉटिंग की सूचना मिली थी, जिसे ध्वस्त कराया गया। प्लॉटिंग करने वालों को कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। इस दौरान एसडीएम अनुराग सिंह, तहसीलदार सीमा गंगवार, पुलिस क्षेत्राधिकार राजवीर सिंह परिहार आदि मौजूद रहे।