15 हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए काउंसलिंग में शासनादेशों का उल्लंघन करने का आरोप लगाकर बीटीसी प्रशिक्षुओं ने प्रदर्शन किया। डीएम से शिकायत की है। कहा कि कुछ लाभार्थियों ने हेराफेरी कर इस प्रक्रिया में हिस्सा लिया है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाए।
बीटीसी प्रशिक्षुओं का एक शिष्टमंडल डीएम से मिलने कलेक्ट्रेट पहुंचा। उन्होंने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा कि हाल ही में 15 हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए जिले में काउंसलिंग कराई गई थी। इसके तहत बीटीसी प्रशिक्षुओं को शिक्षक बनाया जाना है। कहा कि काउंसलिंग 26 अक्तूबर को पूरी हो चुकी है।
30 अक्तूबर तक बीएसए की ओर से चयनित अभ्यर्थियों की अनंतिम सूची जारी की जानी थी। दूसरे जिलों की अनंतिम सूची जारी हो चुकी है। यहां नहीं की गई है। काउंसलिंग में शासनादेशों का उल्लंघन किया गया। उन्होंने इस मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान सरदीप गौतम, शुऐब अंसारी, अमित, आशा, नितिन, नीलम, सौरभ रहे।