मिलक। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह गंगवार के नेतृत्व में किसानों ने सोमवार को तहसील पहुंचकर तहसीलदार सीमा गंगवार को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन में क्षेत्र में संचालित ईंट भट्ठों द्वारा अवैध खनन का आरोप लगाया है।
बिजली बिलों में गड़बड़ी और अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की गई। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करेगा। ज्ञापन में कहा गया कि मिलक क्षेत्र के गुलामगंज, चंदपुरा जदीद, रुस्तमपुर सहित आसपास के गांवों में कुछ ईंट भट्ठों द्वारा बिना अनुमति किसानों की जमीन से मिट्टी का खनन किया जा रहा है।
किसानों का कहना है कि भट्ठों तक मिट्टी और ईंट ढोने वाले भारी वाहनों के कारण क्षेत्र की सड़कें टूट रही हैं। सड़कों पर मिट्टी और धूल फैलने से राहगीरों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने ज्ञापन में यह भी बताया कि क्षेत्र की कई नहरों में वर्षों से पानी नहीं आ रहा है, जिससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बिलासपुर रजवाहा से जुड़े कई गांवों के किसानों को लंबे समय से नहर का पानी नहीं मिला है। उन्होंने नहरों को चालू कराने की मांग की।
किसानों ने घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में गड़बड़ी का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि कुछ सौ रुपये आने वाले बिल हजारों रुपये तक भेजे जा रहे हैं, जिससे उपभोक्ता परेशान हैं।
ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह गंगवार, रामदास, अनोखे लाल, रामबहादुर, महेश बाबू गंगवार सहित अनेक किसान मौजूद रहे।