सैदनगर। अजीमनगर थाना क्षेत्र के लालपुर डैम से कोसी में कूदी महिला का शव 36 घंटे बाद तलाश कर लिया गया। घरेलू विवाद के बाद महिला ने डैम से कोसी में छलांग लगा दी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के लालपुर डैम का है। स्वार क्षेत्र के रायपुर का मझरा निवासी मुस्तफा अली मिलक खानम चौराहे पर मिठाई की दुकान चलाता है। बताया जाता है कि उसका अपनी पत्नी फूल जहां (35) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद फूल जहां नाराज होकर लालपुर स्थित अपनी बहन के घर आ गई थी।
रविवार सुबह करीब सात बजे महिला लालपुर डैम पर पहुंची और कोसी नदी में छलांग लगा दी। महिला को नदी में कूदते उसके एक रिश्तेदार ने देख लिया और इसकी सूचना उसके पति को दी। रविवार शाम करीब पांच बजे पति ने पुलिस को पत्नी के नदी में कूदने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू कराया।
सोमवार को भी सुबह से गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश जारी रही। शाम करीब छह बजे, घटना के करीब 36 घंटे बाद, गोताखोरों ने बैराज के पास से महिला का शव बरामद कर लिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले गई।
00000
मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। -अनुराग सिंह, एएसपी