शाहबाद (रामपुर)। हिमाचल प्रदेश के बद्दी में शाहबाद निवासी युवक सुनील (45) की सर्पदंश से मौत हो गई। शव घर पहुंचने के बाद सोमवार शाम को शाहबाद में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मोहल्ला फर्राशान निवासी सुनील बद्दी में रहकर प्लंबर का काम करते थे। उनके पिता मलखान सिंह ने बताया कि शनिवार शाम को सुनील ठेकेदार के साथ कमरे पर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सांप ने उन्हें डस लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन शव को शाहबाद ले आए। सोमवार शाम को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अचानक हुई मौत से पत्नी और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
000
अक्तूबर में होनी थी बेटी की शादी
शाहबाद। सुनील की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मलखान सिंह ने बताया कि सुनील की बेटी साक्षी की शादी बदायूं जिले में तय हो चुकी थी और अक्तूबर में विवाह होना था। शादी से पहले सुनील की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। संवाद
000
ढाई महीने में परिवार ने खोए दो सदस्य
शाहबाद। ढाई महीने के भीतर परिवार में यह दूसरी मौत है। एक मई को सुनील के भाई विक्रम की बेटी सृष्टि की करंट लगने से मौत हो गई थी। ढाई महीने में सृष्टि और सुनील की मौत के बाद परिवार के साथ-साथ मोहल्ले के लोग भी सदमे में हैं। संवाद