रामपुर। तालाब में महिला का शव पानी में उतराया हुआ देख इलाके में सनसनी फैल गई। कुछ ही देर में लोगों का जमावड़ा लग गया। किसी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। बाद में महिला की शिनाख्त भी हो गई, जिसमें पता लगा कि महिला दिमागी रूप से कमजोर थी और वह कल रात से गायब थी, जिसे परिजनों ने काफी ढूंढा था।
मामला जिला कारागार के पास स्थित तालाब का है। सुबह के समय लोगों ने देखा कि तालाब के पानी में एक महिला का शव उतरा रहा है। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के लोग जमा हो गए। इस बीच किसी ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दे दी, इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला का शव तालाब से बाहर निकलवाया और लोगों से जानकारी करने का प्रयास किया, लेकिन महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बाद में महिला का 22 वर्षीय बेटा पुलिस के पास आया, जिसमें बताया कि मृतका उसकी मां है। मृतका के पुत्र शावेज ने बताया कि उसकी मां निखत पत्नी इरफान निवासी लाल मस्जिद की रहने वाली है। उनका दिमागी संतुलन ठीक नहीं था। बताया कि उसकी मां एक दिन पहले घर से कहीं निकल गईं थी, इसके बाद से वापस नहीं लौटीं। कोतवाली इंस्पेक्टर तेजवीर सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।