पटवाई। रामपुर रोड स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव फंदे से लटका मिला। होटल में रह रहे उसके दोस्त को जब यह जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों के हवाले कर दिया है और मामले में जांच कर रही है।
पटवाई क्षेत्र के रामपुर रोड स्थित वाटिका होटल के एक कमरे में रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में हल्द्वानी निवासी अमरचंद आर्य (21) का शव फंदे से लटका मिला। शव मिलने से होटल के कर्मचारियों में खलबली मच गई।
इसके बाद होटल मालिक और पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी के मुताबिक, होटल में पहले से ही हल्द्वानी निवासी राजेंद्र काम कर रहे हैं। राजेंद्र का दोस्त होने के कारण अमरचंद आर्य भी होटल में काम की तलाश में रविवार शाम होटल आया था। दोनों लेबर रूम में ठहरे हुए थे।
थाना प्रभारी पवन कुमार शर्मा के अनुसार, राजेंद्र होटल के दूसरे कर्मचारियों के साथ बाहर कुछ खाने के लिए चला गया था। अमरचंद आर्य कमरे पर अकेला था। जब राजेंद्र कुछ देर बाद वापस कमरे पर पहुंचा तो उसने अपने दोस्त अमरचंद आर्य का शव कमरे के ही एक कुंड में लगाए गए फंदे पर लटका देखा। यह देख उसने होटल मालिक और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम करा दिया है। बताया गया कि मृतक के जानने वाले लोगों ने किसी भी तरह की कार्रवाई से इनकार कर दिया और शव को अपने साथ ले गए। सीओ देवकीनंदन ने बताया कि किसी तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है। मामले में जांच की जा रही है।