पटवाई (रामपुर)। क्षेत्र में एक नाले पर बनी पुलिया के नीचे एक अज्ञात युवक का शव प्लास्टिक के कट्टे में बंद मिला है। युवक के गले व शरीर पर हल्के खून के निशान मिले हैं और उसकी जीभ बाहर निकली हुई थी। पुलिस शव की पहचान और मामले की जांच में जुटी है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को कट्टे में भरकर नाले में फेंका गया है।
पटवाई थाना क्षेत्र के रहटगंज गांव के पास गोशाला के आगे नाला बह रहा है। सोमवार सुबह नाले के ऊपर बनी पुलिया से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर पुलिया के नीचे पड़ी। वहां नाले में एक कट्टा दिखाई दिया, जिसमें से किसी व्यक्ति के पैर बाहर निकले हुए थे।
सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गांव के चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कट्टे को बाहर निकलवाया, जिसमें एक युवक का शव मिला। सूचना मिलने पर शाहबाद सीओ भी मौके पर पहुंच गए।
जांच के दौरान युवक के शरीर और गले पर खून के हल्के निशान मिले हैं तथा उसकी जीभ बाहर निकली हुई थी। पुलिस हत्या की आशंका के दृष्टिगत मामले की जांच कर रही है। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी जांच कर नमूने एकत्र किए।
थाना प्रभारी धनंजय कुमार ने बताया कि शव की अभी पहचान नहीं हो सकी है। शव तीन दिन से अधिक पुराना होने के कारण गल चुका है। शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।