बिलासपुर। गुजरात के पालनपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में जान गंवाने वाले ग्राम नरसुआ निवासी किसान हरनाम सिंह मौर्य (42) का शव सोमवार शाम करीब चार बजे पोस्टमार्टम के बाद पैतृक गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। शाम करीब पांच बजे गांव के श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
खजुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम नरसुआ निवासी किसान हरनाम सिंह मौर्य गुजरात में काम कर रहे अपने बेटों से मिलने गए थे। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात 12 बजे तक उनकी फोन पर बात हुई थी। इसके बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ आने लगा। उधर, गुजरात में उनके बेटे रेलवे स्टेशन पर पिता का इंतजार कर रहे थे।
शनिवार दोपहर गुजरात के पालनपुर थाने से गांव के एक व्यक्ति के पास फोन आया और हादसे की सूचना दी गई। मृतक के भाई करन सिंह ने उसी नंबर पर कॉल कर जानकारी ली तो पुलिस ने बताया कि हरनाम सिंह का शव पालनपुर में रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला है। मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। भाई करन सिंह तुरंत गुजरात के लिए रवाना हो गए और रविवार दोपहर करीब तीन बजे पालनपुर पहुंचे।
सोमवार को शव गांव पहुंचने पर पत्नी नीरज देवी और बेटे गौरव, सौरभ व अनमोल का रो-रोकर बुरा हाल रहा। अंतिम यात्रा में ग्रामीणों की भारी भीड़ शामिल हुई। परिजनों का आरोप है कि यह सामान्य मौत नहीं है और मामले में हत्या की आशंका है। सीओ पीपी सिंह ने बताया कि उन्हें अभी तक इस मामले की जानकारी नहीं थी। अब मामला संज्ञान में आया है तो इसकी जानकारी करेंगे।