सैदनगर के बाद अब स्वार में भी ब्लाक प्रमुख के लिए मतदान नहीं होगा। शनिवार को स्वार में ब्लाक प्रमुख के दो प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया। स्वार में अब ब्लाक प्रमुख के लिए सिर्फ कुबरा बेगम मैदान में बची हैं। सैदनगर में ब्लाक प्रमुख के लिए सिर्फ एक प्रत्याशी आरिफ चौधरी ने नामांकन किया था।
मिलक और बिलासपुर में भी एक-एक नामांकन वापस हुआ है। चमरौवा-शाहबाद में किसी ने पर्चा वापस नहीं लिया। अब इन चार ब्लाकों में सात फरवरी को मतदान होगा। गौरतलब है कि जिले में छह ब्लाक है। यहां ब्लाक प्रमुख पद के लिए नामांकन-पत्र शुक्रवार को दाखिल किए गए थे। शनिवार को नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख थी।
नामांकन वापस लेने की आखिरी तिथि के बाद जो तस्वीर सामने आई है, उसके मुताबिक छह में चार ब्लाकों में रविवार को मतदान होगा। सैदनगर ब्लाक प्रमुख के लिए सिर्फ आरिफ चौधरी ने नामांकन दाखिल किया था। एआरओ वीरेंद्र कुमार स्वार में कुबरा बेगम के विरोध में नामांकन कराने वाली शमीम जहां और रेशमा ने अपना पर्चा वापस ले लिया।
कुबरा बेगम मैदान में अकेले रह गईं। बिलासपुर में भी एक प्रत्याशी ने अपना पर्चा वापस ले लिया। एआरओ सप्तऋषि कुमार के मुताबिक हरपाल सिंह ने पर्चा वापस ले लिया है। यहां अब ब्लाक प्रमुख रविंद्र कौर और हरदेव सिंह के बीच मुकाबला होगा। मिलक में भी एक प्रत्याशी ने पर्चा वापस ले लिया। यहां पर अब चार प्रत्याशी मैदान में बचे हैं।
शाहबाद के एआरओ चमन लाल वर्मा के मुताबिक यहां पर किसी ने भी पर्चा वापस नहीं लिया। चमरौवा एआरओ भानु प्रताप सिंह के मुताबिक यहां भी दो प्रत्याशी हैं। चमरौवा, शाहबाद, मिलक और बिलासपुर में सात फरवरी को मतदान होगा।