रामपुर। अकूत संपत्ति के मालिक रामपुर रियासत के आखिरी नवाब रजा अली खां का कोठी खासबाग स्थित स्ट्रांग रूम खाली मिला है। नवाब के स्ट्रांग रूम में लोहे के जंक खाए 12 संदूक, चब कंपनी के तीन सेफ और पांच तिजोरी मिली हैं। संदूकें खालीं हैं, सेफ और तिजोरी गैस कटर से कटे हुए मिले हैं, जिनके अंदर कुछ भी रखा हुआ नहीं मिला।
रामपुर रियासत के आखिरी नवाब रजा अली खां की संपत्ति का बंटवारा सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उनके 18 वारिसानों में किया जाना है। इसको लेकर जिला जज की कोर्ट की देखरेख में संपत्ति के बंटवारे की प्रक्रिया को पूरा कराया जा रहा है। कोर्ट के आदेश पर नवाब की संपत्ति का मूल्यांकन किया जा रहा है। इसको लेकर नवाब रजा अली खां के स्ट्रांग रूम को भी खोले जाने की कवायद चल रही थी। स्ट्रांग रूम को खोले जाने के कई प्रयास विफल हो चुके थे, क्योंकि यह बहुत ही मजबूत था। शनिवार को छठें प्रयास में स्ट्रांग रूम को गैस कटर से काटकर खोला गया। स्ट्रांग रूम खुलने के बाद नवाब परिवार के सदस्य और अधिवक्ता अंदर गए तो नवाब का स्ट्रांग रूम स्क्रैप रूम की हालत में मिला। ऐसा माना जा रहा था कि नवाब का स्ट्रांग रूम सोने-चांदी और हीरे-जवाहरात से भरा होगा, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं मिला। एडवोकेट कमिश्नर स्ट्रांग रूम खाली होने के बारे कोर्ट को अवगत कराएंगे।