रामपुर/मसवासी। पिछले तीन दिनों से बदले मौसम ने किसानों को बेचैन कर दिया है। तीन दिनों में तेज हवा संग हुई बारिश और ओलावृष्टि ने फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया है। अन्नदाता अब मौसम खुलने का इंतजार कर रहा है, जिससे फसलों के नुकसान का आंकलन हो सके। वहीं दूसरी ओर कृषि विभाग ने सभी किसानों से उनके नुकसान को लेकर टोल फ्री नंबर या क्षेत्रीय बीमा कंपनी प्रतिनिधियों के नंबरों पर फोन कर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।
शुक्रवार तड़के तेज बारिश के बाद शुक्रवार रात से एक बार फिर बारिश का सिलसिला शुरू हो गया जो कि शनिवार सुबह को भी जारी रहा। शनिवार को सुबह के वक्त बारिश हुई इसके बाद कभी धूप तो कभी बादल आसमान में छाए रहे। दोपहर बाद से एक बार फिर आसमान घने बादलों से ढक गए और शाम तक एक बार फिर बारिश के आसार बन गए। पिछले तीन दिनों में हुई तेज हवा संग बारिश और ओलावृष्टि ने सबसे अधिक नुकसान गेहूं की पकी फसल को पहुंचाया है। इस वक्त खेतों में गेहूं की फसल पककर खड़ी है और हवा के संग हो रही बारिश ने इसे खेतों में बिछा दिया है। वहीं बारिश के कारण मौसम में भी काफी बदलाव आया है और एक बार फिर ठंड ने लोगों को अहसास कराया है। गर्म कपड़े एक बार फिर निकल गए हैं।
मसवासी में तेज हवा और बारिश से रात भर बिजली आपूर्ति ठप रही जिससे क्षेत्र वासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार की सुबह भी तेज बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त रहा ।दोपहर के बाद मौसम में थोड़ा सुधार हुआ। शुक्रवार की देर रात भी तेज हवाओं के साथ बारिश होती रही।जिससे मौसम और सर्द हो गया गेहूं की फसल भी जमीन पर लेट गई है जिससे किसानों के चेहरे मुरझा गए हैं।
जिला कृषि अधिकारी चंद्रगुप्त सागर ने बताया कि बारिश से हुए फसलों के नुकसान के मुआवजे के लिए किसान 72 घंटे के अंदर टोल फ्री नंबर या क्षेत्रीय बीमा कंपनी के प्रतिनिधि के नंबर पर फोन कर शिकायत दर्ज करा दें।