रामपुर। बिलासपुर सीट से दूसरी बार जीत दर्ज करने वाले भाजपा प्रत्याशी और राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने जिले की तीन सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों के नहीं जीत पाने का ठीकरा मुस्लिम मतदाताओं के ऊपर फोड़ा है। उनका कहना है कि मुस्लिम मतदाताओं ने भेदभाव किया और विकास कराने के बाद भी भाजपा को वोट नहीं दिया।
बृहस्पतिवार को मतगणना के बाद बिलासपुर सीट से जीत का प्रमाण पत्र लेने पहुंचे बलदेव सिंह औलख से मीडिया ने तीन सीटों पर भाजपा की हार के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में भी यही रिजल्ट रहा था। मुझे ये कहने में कोई डर नहीं है कि मुस्लिम समाज के लोगों ने एकतरफा होकर वोट डाला है। हमारी सरकार ने मुस्लिम समाज व हर समाज के व्यक्ति के लिए बिना भेदभाव के काम किया और योजनाओं का लाभ दिया। मगर मुस्लिम मतदाताओं ने इसका बिल्कुल ध्यान नहीं रखा, जबकि हमारी सरकार की बड़ी-बड़ी योजनाएं हर जनमानस तक पहुंच रही हैं। बहुत सारे काम सरकार ने बिना भेदभाव किए हैं। हम हमेशा मुस्लिमों का विश्वास जीतना चाहते थे। प्रधानमंत्री सबका साथ और सबका विश्वास लेना चाहते हैं लेकिन, हमें ये नहीं पता कि वे हमारा साथ क्यों नहीं देना चाहते। उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब और तेजी से जारी रहेगा।