केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के यूपी में चेहरे के बारे में कहा समय पर वह सबके सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि मथुरा के जवाहरबाग कांड की जांच कराने में प्रदेश सरकार विफल रहती है तो जरूरत पड़ने पर सर्वोच्च एजेंसी इस घटना की जांच करेगी। कोर्ट के आदेश का पालन कराने में सरकार की विफलता बड़ा सवाल है।
गुरुवार को यहां भाजपा के विकास पर्व कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने आए केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी जिला महामंत्री राजीव मांगलिक के आवास पर पत्रकारों से मुखातिब थे। जवाहर बाग कांड की सीबीआई जांच के सवाल पर कहा कि मथुरा कांड शासन की अक्षमता का परिणाम है। राज्य सरकार जिम्मेदार है।
कोर्ट ने जवाहरबाग में अवैध कब्जे पर संज्ञान लिया और उसे खाली कराने का निर्देश दिया। कोर्ट के आदेश का पालन कराने में सपा सरकार विफल रहती है तो यह बड़ा सवाल है। सरकारी संरक्षण में और प्रदेश नेतृत्व से जुड़े लोगों के संरक्षण प्राप्त लोगों ने घटना को अंजाम दिया। भाजपा ने इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
मिशन 2017 के लिए यूपी में भाजपा के चेहरे पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि समय आने पर यूपी में भाजपा का चेहरा सबके सामने आ जाएगा। भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है।
साध्वी प्राची द्वारा एक समुदाय विशेष को लेकर दिये गए बयानों पर उठे सवाल के जवाब में केंद्रीय मंत्री ने बातों का रुख मोड़ते हुए कहा कि अफजल गुरु के समर्थकों, देश के टुकड़े करने की बात कहने वालों, वंदे मातरम का विरोध करने वाले व देश विरोधी गतिविधि में लिप्त रहने वालों को कोई भी देशवासी बर्दाश्त नहीं करेगा। सांसदों द्वारा गोद लिए गांवों में विकास न होने और हालात बदतर होने के सवाल पर कहा कि गांवों के विकास का प्रयास किया जा रहा है।