आजम के गढ़ में भाजपा की सेंधमारी, क्या होगी अब आजम की तैयारी
रामपुर। उपचुनावों के परिणामों के बाद आजम खां आगे क्या करेंगे ये सवाल हर किसी के जेहन में हैं। हालांकि आजम खां खुलकर इस पर कुछ भी नहीं बोल रहे हैं लेकिन, उनकी कुछ बातों से इशारे जरूर मिल रहे हैं।
रामपुर का लोकसभा उपचुनाव आजम खां की प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ था। अगर इसमें सपा प्रत्याशी आसिम राजा की जीत हो जाती तो इसमें कोई शक नहीं है कि आजम खां का कद न सिर्फ सपा में बल्कि सियासत के मैदान में भी काफी ऊंचा हो जाता। जब तक मुलायम सिंह यादव के हाथों में सपा की कमान रही, आजम खां हमेशा ताकत में रहे और उनका मुकाम भी पार्टी में मुलायम सिंह यादव के बाद सबसे ऊंचा रहा।
ऐसे में ये माना जा रहा है कि आजम खां अब कुछ माह बाद होने वाले निकाय चुनावों और 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अभी से जमीन तैयार करने में जुट जाएंगे। आजम खां ने अमर उजाला से खास बातचीत में कहा था कि अब वो परिवार से रुठे लोगों को मनाएंगे और घर वापस लाने की कोशिश करेंगे। इससे ये माना जा रहा है कि उनका इशारा शिवपाल यादव व अन्य उन नेताओं से है जो सपा से नाराज चल रहे हैं या अलग हो गए हैं। वहीं आजम खां ने ये भी कहा था कि जैसे समाजवादी पार्टी बनाते समय शुरुआत के दौरान जगह-जगह सम्मेलन कर लोगों को जोड़ा जाता था और रणनीति तैयार की जाती थी वो ही काम अब फिर से करेंगे। इससे माना जा रहा है कि अब आजम खां लगातार प्रदेश के अलग-अलग जिलो में जाकर अपने करीबियों और समर्थकों से मिलेंगे और आगे की रणनीति तैयार करेंगे।
हालांकि आजम खां ने ये भी कहा था कि अखिलेश से कोई दूरी नहीं है हां कुछ बातों की तकलीफ जरूर है लेकिन, इसके लिए अपने ही घर में आग नहीं लगाएंगे। जिससे लगता है कि आजम खां सपा में ही रहकर अपने कद और पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगे।