रामपुर। गाजियाबाद से होली मनाने घर जा रहे बाइक सवार रामवीर चंद्रवंशी (22) की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। मृतक का ममेरा भाई अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। अजय का बरेली में उपचार चल रहा है। बरेली के थाना सिरौली क्षेत्र के शिवपुरी गांव निवासी रामवीर चंद्रवंशी और उनका ममेरा भाई अजय गाजियाबाद में सब्जी बेचने का काम करते थे। शुक्रवार रात दोनों गाजियाबाद से होली मनाने के लिए अपने घर निकले थे। शाहबाद क्षेत्र में रुस्तमपुर गांव के मोड़ पर शनिवार तड़के साढ़े पांच बजे सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीछे से आ रहे गांव के ही अन्य लोगों ने हादसे को देखकर अपनी-अपनी बाइकें रोकीं और पुलिस को सूचना दी। घायलों को सीएचसी पहुंचाने के साथ परिजनों को जानकारी दी गई। सीएचसी में चिकित्सकों ने रामवीर को मृत घोषित कर दिया। अजय की हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे बरेली ले गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई चंद्रपाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
-
परिजनों को दी थी होली पर घर आने की जानकारी
मृतक रामवीर के भाई ने बताया कि रामवीर ने परिवार में फोन कर बताया था कि वह होली से एक दिन पहले गांव आएगा। परिजन उसकी राह देख रहे थे। घर पहुंचने से कुछ समय पहले ही हादसा हो गया और रामवीर की मौत हो गई। होली के त्योहार पर हुए हादसे से दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं।