बिलासपुर। बिलासपुर-स्वार रोड पर अनियंत्रित बाइक सवार एक ई-रिक्शा से टकराकर घायल हो गया। जबकि, बाइक पर सवार दो बच्चे बाल बाल बचे। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया है।
मिलक खानम थाना क्षेत्र के ग्राम रजा नगर निवासी नन्हे मजदूरी का काम करते हैं। चिकित्सकों के अनुसार नन्हे शनिवार की रात करीब नौ बजे नगर से खरीदारी कर बाइक से अपने घर वापस जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर उनका बेटा ऋषभ व धेवता गोलू भी बैठे हुए थे।
बिलासपुर स्वार रोड स्थित चकफेरी मोड़ के पास सामने से आ रहे किसी वाहन की तेज लाइट की चकाचौंध के कारण वह अपनी बाइक पर नियंत्रण खो बैठे और अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा में घुस गई, जिसके कारण वह रोड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि, बाइक पर बैठे दोनों बच्चे बाल बाल बच गए।
घटना के बाद मौके पर तमाम लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। सूचना पाकर परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया है। कोतवाली प्रभारी जीत सिंह ने घटना के प्रति अनभिज्ञता जताई है।