शाहबाद (रामपुर)। रिश्तेदारी में तेरहवीं में जा रहे एक बाइक सवार युवक की सांड़ से टक्कर हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि युवक का सिर सड़क में जा टकराया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था। यदि पहने होता तो उसकी जान बच सकती थी। सूचना पर पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों दी। परिजनों ने बिना कानूनी कार्रवाई शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
शाहबाद के मोहल्ला अफगानान निवासी राजीव (25) सैफनी चौकी क्षेत्र के ग्राम सागरपुर स्थित रिश्तेदारी में तेरहवीं की दावत जा रहा था। सोमवार रात उसकी सैफनी चौकी क्षेत्र के ग्राम मित्रपुर अहरौला में सामने से आ रहे एक सांड़ से जोरदार टक्कर हो गई। राजीव सांड़ से टकराकर दूर जा गिरा और उसका सिर सड़क से टकरा गया। हादसे में राजीव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुलाया। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचित किया।
सूचना पाकर रोते-बिलखते परिजन घटना स्थल पर पहुंचे। परिजन राजीव को दिखाने के लिए शाहबाद सीएचसी ले आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर परिजनों को सौंप दिया। मंगलवार शाम परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। शाहबाद इंस्पेक्टर शिवचरन सिंह ने बताया कि परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया था, जिसके चलते शव बिना पोस्टमार्टम परिजनों को सौंप दिया गया।