दढ़ियाल। काशीपुर तिराहे पर देर रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार सभासद सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे उनके साथियों ने गुस्से में ट्रक चालक की जमकर पिटाई कर दी। इससे तिराहे पर अफरातफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया।
मोहल्ला फत्तावाला निवासी सभासद अजय कुमार देर रात किसी काम से काशीपुर तिराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान काशीपुर की तरफ से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आने से वह बाइक समेत सड़क पर गिर गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद उनके साथियों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने ट्रक चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। अचानक हुए हंगामे से तिराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। टांडा कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच कुछ समय बाद समझौता हो गया।