टांडा-दढि़याल मार्ग पर हादसा, ट्रक जब्त, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
टांडा। टांडा-दढि़याल मार्ग पर बृहस्पतिवार रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इरशाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पिता की तहरीर पर ट्रक चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार सेडू का मझरा निवासी इरशाद (25) बृहस्पतिवार रात ग्राम सुल्तानपुर पट्टी से लौट रहे थे। जैसे ही वे मोहनपुरा के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
परिजनों ने बताया कि इरशाद तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसके पिता एक राइस मिल में काम करते हैं। इरशाद की शादी डेढ़ वर्ष पहले ही हुई थी। उनकी मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।