स्वार के नरपतनगर में भाकियू टिकैत ने की पंचायत, समाधान तक धरना जारी रखने का एलान
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वार। क्षेत्र में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर किसानों में भारी रोष है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने नरपतनगर में हुई पंचायत में घोषणा की कि दो जनवरी को तहसील परिसर में धरना दिया जाएगा। पंचायत में स्पष्ट कहा गया कि जब तक बिजली विभाग समस्या का समाधान नहीं करेगा, तब तक कोई भी किसान धरना स्थल से नहीं उठेगा।
तहसील अध्यक्ष अमीर अहमद के प्रतिष्ठान पर हुई पंचायत में भाकियू टिकैत के जिला सलाहकार सलामत जान ने कहा कि बिजली विभाग का आंख-मिचौली का खेल अब असहनीय हो गया है। आपात कटौती और लोकल फॉल्ट के कारण 24 घंटे में महज 12 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है। क्षेत्र में बार-बार ब्रेकडाउन, घंटों बिजली गुल रहना और तकनीकी खराबियां रोजमर्रा की समस्या बन चुकी हैं।
तय किया गया कि दो जनवरी को भाकियू तहसील में प्रदर्शन करते हुए धरना देगी। धरना तभी समाप्त होगा जब बिजली विभाग के अभियंता ठोस आश्वासन देंगे, अन्यथा धरना बेमियादी रूप ले लेगा। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष लखविंदर सिंह गिल, अमीर अहमद, अजीत सिंह, रियासत अली, तस्वीर अहमद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।