रामपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत की पंचायत में किसानों ने कहा कि जिले में अपंजीकृत अस्पतालों, अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी लैबों का जाल फैला हुआ है। एक्सरे, खून जांच के नाम पर किसानों-मजदूरों से भारी वसूली हो रही है।
मंडल उपाध्यक्ष मोहम्मद तालिब के नेतृत्व में हुई पंचायत में आरोप लगाया गया कि इलाज में लापरवाही और गलत जांचों के कारण आए दिन मरीजों की मौतें हो रही हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
तालिब ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ऐसे अस्पतालों और लैबों पर कार्रवाई कर उन्हें बंद नहीं कराया गया तो किसान बड़ा आंदोलन करेंगे। किसानों ने प्रशासन से जांच अभियान चलाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान ठाकुर धर्मेश, मोहम्मद मुस्तकीम, छिद्दा नेता, बाल किशोर पांडे, विशेष पांडे, अनमोल पांडे, आफताब अहमद आदि मौजूद रहे।