रामपुर। प्रदेश कैंप कार्यालय पर शुक्रवार को भाकियू टिकैट की बैठक हुई, जिसमें भाकियू पदाधिकारियों ने जिले में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई। साथ ही पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाने की मांग की।
प्रदेश महासचिव हसीब अहमद ने कहा कि जिले में हर रोज चोरी की घटनाएं हो रही हैं। लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं । सबसे ज्यादा चोरी की घटनाएं ग्रामीण क्षेत्र में हो रही हैं, जिससे किसान परेशान हैं, लेकिन पुलिस घटनाएं रोकने के बजाय उन पर पर्दा डालने की कोशिश में लगी है। कहा कि कुछ असमाजिक तत्व अफवाहों से लोगों में दहशत फैला रहे हैं। पुलिस को ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने क्षेत्र लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर चोरी की घटनाएं नहीं रुकीं तो आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर मोहम्मद तालिब, चौधरी राजपाल सिंह, रामबहादुर, राहत बलि खान, दरबारी लाल शर्मा, दरियाब सिंह यादव, प्रमोद यादव, रामदास मौर्य, जुबैद आलम, शंकर लाल लोधी, रणवीर सिंह, मोहम्मद मुस्तकीम व पप्पू यादव आदि मौजूद रहे।