नित्थर के साथ लगती कुठेड़ पंचायत में छत तोड़ कर गौशाला में घुसा भालू।
- फोटो : RAMPUR-HP
नित्थर (कुल्लू)। उपतहसील नित्थर के साथ लगती कुठेड़ पंचायत के लोग इन दिनों जंगली जानवरों का कहर सिर चढ़कर बोल रहा है। सोमवार सुबह एक भालू ने गोशाला में घुसकर भेड़ को मौत के घाट उतार डाला।
आनी उपमंडल की कुठेड़ पंचायत कटार गांव के सेऊबाग में सुबह करीब तीन बजे भालू ने श्यामलाल के घर के साथ बनी गोशाला की छत तोड़कर अंदर घुसकर भेड़ को अपना शिकार बना लिया है। श्यामलाल के अनुसार गोशाला की छत को भालू ने पूरी तरह से नष्ट कर दिया है और उन्होंने वन विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है।
घटना के बाद क्षेत्र के सहमे हुए हैं। क्षेत्र में इससे पहले भी जंगलों जानवरों के आतंक से ग्रामीण सहमे हुए हैं। भालू के हमले के बाद ग्रामीण खेतों और बगीचों में जाने से भी कतरा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द भालू को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने की मांग उठाई है।
वन विभाग अधिकारी लुहरी केबी नेगी ने मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि नुकसान का वाइल्ड लाइफ के तहत उचित मुआवजे का प्रावधान है और नुकसान के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने, सुबह और शाम ढले घर से बाहर निकलते समय एहतियात बरतने की हिदायत दी है।