टांडा में नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां ने शुक्रवार को नैनीताल मार्ग को टांडा-बाजपुर और रामपुर मार्ग के टांडा-लालपुर सड़क निर्माण का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि लोग आधी रोटी खाएं, लेकिन अपने बच्चों को जरूर शिक्षित बनाएं।
आजम खां ने पड़ाव मैदान में सभा स्थल के निकट त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत नैनीताल रोड के टांडा से बाजपुर दोराहा तक 63 करोड़ 64 लाख की लागत से 27.10 किलोमीटर और टांडा रामपुर मार्ग के टांडा से लालपुर तक 9.700 किलोमीटर 18 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों का शिलान्यास किया।
इस मौके पर नगर विकास मंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सड़कों के निर्माण से टांडा के विकास को गति मिलेगी। उन्होंने तालीम को अपनी जिंदगी का मकसद बताते हुए लोगों से आधी रोटी खाकर बच्चों को इंजीनियर और डाक्टर बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने शीघ्र ही मेडिकल कालेज और अस्पताल के निर्माण करने की बात कही। साथ ही कहा कि आने वाले दिनों में दिल्ली के मरीज रामपुर इलाज कराने पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया से सबसे पड़े शिक्षण संस्थान का लोगों ने लाभ नहीं उठाया, तब उनकी मेहनत अधूरी रह जायेगी।
नगर विकास मंत्री ने बिहार के मुख्यमंत्री से यूनिवर्सिटी के लिए भूमि मांगी है, ताकि वह बिहार में भी जौहर यूनिवर्सिटी बना सकें। उन्होंने टांडा के लांबाखेड़ा में राजकीय डिग्री कालेज और कुंडेसरा में राजकीय इंटर कालेज की स्थापना की घोषणा की। साथ ही टांडा बादली के राजकीय कन्या इंटर कालेज के शीघ्र शुरू होने की भी बात कही।