बिलासपुर/खजुरिया (रामपुर)। खजुरिया थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह साढ़े दस बजे खजुरिया-शीशगढ़ रोड पर दो बाइकें आपस में भिड़ गईं। जिसमें बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने एक बाइक सवार अजय (28) पुत्र छविनाथ निवासी गांव पंडरी थाना शीशगढ़ बरेली को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे घायल का उपचार चल रहा है। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम को भेजा है।
पुलिस के अनुसार जिला बरेली के थाना शीशगढ़ के गांव पंडरी निवासी अजय पुत्र छविनाथ शनिवार सुबह करीब 10:30 बाइक से खजुरिया से शीशगढ़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान शीशगढ़ की तरफ से दूसरी बाइक पर बरेली के थाना शाही गांव अगरास निवासी मोहम्मद हसन पुत्र जान मोहम्मद आ रहा था। ग्राम करसोला बाग के पास दोनों बाइकें आमने-सामने भिड़़ गईं। जिसमें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत ही सामुदायिक लाया गया। जहां चिकित्सकों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक व घायल के परिजनों को भेज दी। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। जबकि, दूसरे युवक की हालत भी गंभीर है। फिलहाल घटना की कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।