कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आने से ठीक दो दिन पहले सील की गई गांधी समाधि को अब फिर से खोल दिया गया है। गांधी समाधि पर लगे टीन शेड को हटवा दिया गया है। टीन शेड को पहले लगवाना और फिर कुछ ही दिन में हटवा लेने से यह साफ हो गया है कि कहीं न कहीं गांधी समाधि को कांग्रेस उपाध्यक्ष की वजह से सील किया गया था।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी किसान यात्रा के साथ यहां 28 सितंबर को पहुंचे थे। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम में गांधी समाधि पर पुष्पांजलि भेंट करने का भी कार्यक्रम था,जिसको लेकर एसपीजी के अधिकारियों ने 26 सितंबर को दोपहर में गांधी समाधि पर मौका मुआयना कर सुरक्षा बंदोबस्त भी देखे थे। जैसे ही एसपीजी के अधिकारी लौटे उसके कुछ घंटे बाद ही सीएंडडीएस ने टीन शेड से गांधी समाधि को ढक दिया गया था। उस वक्त अफसरों का कहना था कि यहां पर सुंदरीकरण का काम होना है। इस वजह से टीन शेड लगाया गया है, जबकि जिस तरह से टीन शेड लगाया गया उससे ऐसा कुछ नहीं लग रहा था कि वहां काम होगा। क्योंकि पास में बापू की प्रतिमा को भी टीन शेड से ढका गया था।
अब रविवार को गांधी जयंती पर कार्यक्रम होने हैं। इसको देखते हुए फिर से गांधी समाधि को खोल दिया गया है। गांधी समाधि से टीन शेड दिन भर हटाए गए। शाम को गांधी समाधि को दुरुस्त करके दो अक्तूबर के कार्यक्रम को फिट कर दिया गया है। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि कहीं न कहीं किसी के इशारे पर गांधी समाधि को ढका गया और फिर राहुल गांधी के कार्यक्रम निपटते ही बापू की समाधि टीनशेड के बाहर आ गई। कांग्रेसियों की मानें तो यह काम सिर्फ राहुल गांधी को यहां तक न पहुंचने देने की वजह से किया गया था।