चुनाव आयोग की ओर से समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खां पर लोकसभा चुनाव प्रचार पर 48 घंटों की पाबंदी लगाने पर सपा कार्यकर्ता भड़क गए। जिलाध्यक्ष एवं नगराध्यक्ष ने आयोग की कार्रवाई को अंसवैधानिक करार दिया। इसके विरोध में सभी कार्यकर्ताओं अपने हाथों में काली पट्टी बांध ली।
तोपखाना स्थित कार्यालय पर मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार एवं नगराध्यक्ष आसिम राजा ने कहा कि चुनाव आयोग ने अंसवैधानिक एवं गैर कानूनी तरीके से कार्रवाई की है। उन्होंने आयोग को लेकर कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है, लेकिन चुनाव आयोग सिर्फ एक पक्षीय कार्रवाई कर रहा है।
आजम खां पर जिन आरोपों को लगाते हुए आयोग ने प्रतिबंध लगाया है, उनमें कुछ भी नया नहीं है। इससे पहले भी इन्हीं आरोपों के तहत पाबंदी लगाई गई थी। लेकिन, आयोग भाजपा नेताओं एवं मुख्यमंत्री पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। कहा कि आजम खां ने कोई गलत बात नहीं कही। चुनाव आयोग ने यह कार्रवाई अंसवैधानिक रूप से की है। उन्होंने डीएम पर भी कई आरोप लगाए। सभी कार्यकर्ताओं के साथ पाबंदी की अवधि के समय अपने हाथों में काली पट्टी बांधी और कहा कि विरोध जारी रहेगा।