मिलक (रामपुर)। क्षेत्र के ग्राम लखीमपुर विष्णु में बुधवार को बजरंग दल के प्रखंड संयोजक सूरज पटेल (38) का शव खेत में पेड़ से लटका मिला। परिजन उन्हें पेड़ से उतारकर नगर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए और हंगामा किया। यहां उनकी पत्नी ने अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष आदेश शंखधार पर धमकाने और दस लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने आदेश शंखधार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह दस बजे सूरज खेत पर गए थे, जहां उनका शव पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सरकारी अस्पताल पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने आदेश शंखधार के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने तक शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और हंगामा करने लगे। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में शव कोतवाली परिसर में रख दिया गया, जहां कार्यकर्ताओं और परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
स्थिति को देखते हुए मिलक के अलावा कैमरी, शहजादनगर, पटवाई और शाहबाद थानों की पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। सीओ ट्रैफिक राजवीर सिंह परिहार और अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और कार्यकर्ताओं को समझाया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक की पत्नी विनीता की तहरीर के आधार पर आदेश शंखधार के खिलाफ मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, धमकी देने, रुपये की मांग करने और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने कोतवाल, एसएसआई और कस्बा इंचार्ज को तत्काल कोतवाली से हटाने की मांग की। उनका कहना है कि जब तक इन तीनों को थाने से नहीं हटाया गया, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने परिजनों एवं हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि साक्ष्य के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
00000
जेब से मिली पर्ची
मिलक। सूरज पटेल की मौत के बाद उनकी पत्नी ने बताया कि वह सुबह 9:00 बजे घर पर बैठकर एक कागज पर कुछ लिख रहे थे। जब वह कमरे पर पहुंचीं तो उन्हें देखकर उन्होंने उस पर्चे को फाड़ दिया। वहीं, सरकारी अस्पताल में सूरज पटेल का शव पहुंचने के बाद उनकी जेब से एक छोटी सी पर्ची निकली, जिस पर लिखा था, मुकदमों के कारण। परिजनों को पर्ची मिलने के बाद आशंका हुई कि वह मानसिक रूप से प्रताड़ित थे और उनके ऊपर लगाए गए झूठे मुकदमों के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। मृतक सूरज पटेल अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और 14 वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
0000
मृतक सूरज पटेल की पत्नी की तहरीर पर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष शंखधार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। शीघ्र ही आरोपी पुलिस की पकड़ में होगा। -अनुराग सिंह, एएसपी