रामपुर। सपा सांसद आजम खां ने कोतवाली और गंज थाने में दर्ज पांच मामलों में जमानत अर्जी दाखिल की है। कोर्ट ने सुनवाई करते हुए पुलिस से रिपोर्ट तलब की है। अब इस मामले की सुनवाई 28 जनवरी को होगी।
सपा सांसद आजम खां की गंज और कोतवाली थाने में दर्ज मुकदमों में जमानत पूर्व स्वीकार की जा चुकी है, लेकिन विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा कुछ धाराएं बढ़ाई व घटाई गईं। जिसमें उनकी जमानत होकी बाकी है। इसमें उन पर आरोप है कि आपराधिक षडयंत्र के तहत यतीमखाने में हुई घटना आजम खां के इशारे पर की गई। साथ ही लूटपाट की गई। जबकि, गंज थाने में दर्ज मुकदमों में आरोप है कि आजम खां के इशारे पर उनके मकान तोड़े गए और मारपीट कर लूटपाट की गई।
सोमवार को आजम खां के अधिवक्ता की ओर से कोतवाली में दर्ज तीन मुकदमों में और गंज थाने में दर्ज दो मुकदमों में जमानत के लिए याचिका दाखिल की गई है। इस पर एमपी-एमएलए कोर्ट सेशन ट्रायल में सुनवाई हुई। सहायक शासकीय अधिवक्ता कमल कुमार गुप्ता ने बताया कि आजम खां द्वारा कोतवाली में दर्ज तीन और गंज थाने में दर्ज दो मामलों में जमानत याचिका दाखिल की गई है। इस पर कोर्ट ने पुलिस से रिपोर्ट तलब की है। इस मामले में अगली सुनवाई 28 जनवरी को होगी।