सपा नेता आजम खां ने विधानसभा चुनाव को लेकर चुनौती भरे अंदाज में कहा कि मुझे कौन सा माई का लाल चुनाव लड़ने से रोक सकता है। मेरा चुनाव साइकिल है, साइकिल लड़ेगी और साइकिल जीतेगी भी। उनके इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
मंगलवार को आजम खां सपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने समर्थकों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान मीडिया ने उनसे चुनाव लड़ने को लेकर सवाल किए, जिस पर उन्होंने बेबाकी से अपनी बात रखी। उन्होंने अपने चुनाव लड़ने को सीधे तौर पर पूरी सपा से जोड़ते हुए कहा कि उनका चुनाव साइकिल है और साइकिल चुनाव लड़ेगी और जीतेगी भी। डर लगने के सवाल पर आजम खां ने कहा कि डर तो है, अगर हुक्मरान जालिम हो तो डरना चाहिए।
इस समय पूरा देश डरा हुआ है
आजम खां ने आगे कहा कि इस समय पूरा देश डरा हुआ है। उनके इस बयान ने सियासी माहौल में एक बार फिर गर्मी पैदा कर दी है। वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले जनता को संदेश देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जनता को सिर्फ साइकिल का बटन दबाना है। उन्होंने कहा कि समाजवादियों को साइकिल के अलावा कोई और बटन नजर ही नहीं आता। उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि समाजवादी, कारों, हेलीकॉप्टरों और हवाई जहाजों के बारे में सोचते तक नहीं हैं। उनका पूरा ध्यान साइकिल पर ही रहता है।
आजम खां के बयानों में चुनाव लड़ने का भरोसा, साइकिल के प्रति प्रतिबद्धता और मौजूदा सियासी हालात पर तंज साफ नजर आया। सपा कार्यालय में समर्थकों से उनकी मुलाकात के दौरान दिए गए इन बयानों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।