सपा नेता आजम खां भले ही जेल में हो लेकिन उन पर शिकंजा अभी भी कसा जा रहा है। इसके साथ ही उनके करीबी भी निशाने पर आ गए हैं। रामपुर में एसआईटी और ईडी जांच कर चुकी हैं। अब आयकर विभाग आजम के करीबियों पर कार्रवाई कर रहा है। जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण को लेकर सपा नेता आजम खां काफी समय से जांच एजेंसियों के निशाने पर रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग, जल निगम, ग्राम्य विकास विभाग और सीएंडडीएस के 18 ठेकेदारों के ठिकानों पर छापों में तमाम संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं। वहीं रामपुर में कई सरकारी भवनों की डिजायन बनाने वाले आजम के करीबी लखनऊ के आर्किटेक्ट मस्टडम इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के अहमद हारुन के ठिकानों को भी खंगाला गया है।
आयकर विभाग की टीमें शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे रामपुर पहुंच गईं। टीमों ने शहर कोतवाली क्षेत्र के माला सिनेमा रोड स्थित पूर्व सभासद एवं ठेकेदार फरहत अली खां के यहां छापा मारा। टीम ने यहां पहुंचकर पूर्व सभासद व उनके परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। पूछताछ का सिलसिला यहां दिन भर चलता रहा।
इसके अलावा घेर नज्जू खां निवासी असद खां, झूले वाली इमली में नईम खां, लाल मस्जिद निवासी सिराज खां, मोहल्ला घेर तोगा में आजम के करीबी गालिब नूर ठेकेदार के घर भी छापा मारा। आयकर की टीमों ने अजीतपुर में कृष्ण गोपाल, मुरसैना के हाजी हनीफ, खारीकुआं निवासी पूर्व प्रधान अनोखे अली, बाग छोटे साहब निवासी शाइन खां, हाजी सदाकत अली के भी यहां भी कार्रवाई की। टीम ने इसके अलावा मिलक में एक भाजपा नेता नन्हे राम पांडेय के आवास पर भी पहुंचकर जांच पड़ताल की।