शाहबाद में नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां ने कहा कि देश का बादशाह ही
जब ठगी कर रहा है तो देश का क्या होगा? 100 दिन के अंदर हर व्यक्ति के खाते
में 20 लाख रुपये का चेक पहुंचने का आश्वासन देकर चुनाव के दौरान देश के
मतदाताओं को ठगा गया, लेकिन अब तक किसी के पास एक पैसा नहीं पहुंचा।
नगर
विकास मंत्री सोमवार को नगर स्थित राजकीय इंटर कालेज प्रांगण में आयोजित
समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान अपने
को चाय बेचने वाला बताकर देश के बादशाह ने जनता से झूठ बोला था। उन्होंने कहा कि सरकार आने पर 100 दिन के अंदर एक एक को 20-20 लाख रुपये का
चेक दिया जाएगा।
अगर बादशाह ने लोगों को चेक भिजवाए होते तो आज देश का हर
आदमी करोड़पति होता और उसे ठंड के मौसम में कंबल लेने नहीं आना पड़ता।
उन्होंने कहा कि मोदी अगर आपने नफरत का बीज न बोया होता तो दिल्ली विधानसभा
में भाजपा की तीन सीटें नहीं आतीं।
बिहार में जनता ने सूपड़ा साफ कर दिया।
प्रधान मंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वे गंगा की सफाई की बात करते
हैं। गंगा यूपी में है, लेकिन गंगा की सफाई के नाम पर भारत सरकार से एक भी
पैसा अब तक सफाई के नाम पर नहीं मिला है। भाजपा गंगा की सफाई के नाम पर
उत्तर प्रदेश में हिंदू-मुस्लिम को नहीं लड़ा सकती।
भाजपा मंदिर बनाने की
बात कहकर हिंदुओं को भड़काना चाहती है। नारे देकर लड़ाने की बात करते है।
इससे पूर्व विधायक विजय सिंह ने सोने का मुकुट पहनाकर उनका स्वागत किया।
जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक ने भी उन्हें स्मृति चिंह भेट किए।
सभा के दौरान
जिला पंचायत अध्यक्ष लाखन सिंह, फरमान हुसैन अब्बासी, सभासद इमाम फारूक
वेग, जगपाल सिंह यादव, श्रीपाल सिंह यादव, मोहम्मद अहमद, शाकिर धर्मा,
आफताब बेग, अशफाक अहमद, ईओ भूपराम वर्मा आदि मौजूद रहे। सभा का संचालन एआरटीओ कौशलेंद्र प्रताप
यादव ने किया।